पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
संवाददाता महेश चक्रवर्ती असोथर फतेहपुर
असोथर नगर पंचायत कार्यालय में उस समय माहौल गरमा गया, जब अधिशाषी अधिकारी हरिगेंद्र प्रताप सिंह, चेयरमैन नीरज सिंह सेंगर और अनुज कुमार सिंह का भाजपा नेता व किसान यूनियन के नेताओं से तीखी कहासुनी के बाद विवाद हो गया। यह आपसी कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गई, जिसके बाद मामला असोथर थाने जा पहुंचा। दोनों पक्षों ने थाने पहुंच तहरीर देते हुए एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाया है, जिसके कारण तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, विवाद में एक तरफ अधिशाषी अधिकारी हरिगेंद्र प्रताप, चेयरमैन नीरज सिंह सेंगर, अनुज कुमार सिंह सहित नगर पंचायत के अधिकारी/कर्मचारी थे, तो दूसरी ओर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह, मंडल महामंत्री रज्जन शुक्ला, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष जयदेव सिंह गौतम, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष निर्मल सिंह, दीपू मिश्रा, और किसान यूनियन अराजनैतिक असोथर ब्लॉक अध्यक्ष सोनू सिंह गौतम शामिल थे। सूत्रों के अनुसार यह टकराव प्रथम पक्ष भाजपा नेता के तहरीर अनुसार स्थानीय समस्याओं को लेकर अधिशाषी अधिकारी से शुरू हुआ, जो दूसरे पक्ष के अधिशाषी अधिकारी व अन्य लोगों से बातचीत के दौरान बहस और फिर छीना छपटी तक जा पहुंचा। जिसमें पूर्व मंडल अध्यक्ष ने जान से मारने की धमकी देने के साथ मारपीट व लूट की बात बताई।
वहीं दूसरे पक्ष चेयरमैन की तरफ से अधिशाषी अधिकारी ने नगर पंचायत के कर्मचारी व सभासदों के साथ थाने पहुंच कर थाने में तहरीर देते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानमाल की धमकी देने एवं जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने की बात कही।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोंकझोंक हुई, जिसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। स्थिति को बिगड़ते देख आसपास के लोगों ने बीच बचाव के लिए दौड़े, लेकिन तब तक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया था। इसके बाद दोनों पक्ष असोथर थाने पहुंचे, जहां पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
हालांकि इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। भाजपा कार्यकर्ताओं और नगर पंचायत प्रशासन, चेयरमैन के बीच टकराव के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूंछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। लेकिन स्थानीय लोगों का मानना है कि यह नगर पंचायत के कामकाज या किसी पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकता है।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मौर्य ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत मिली है और स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की जा रही है। विवाद की जड़ क्या थी, इसकी जानकारी करवाई जा रही है। जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।