रिपोर्टर : माधव निषाद
संविधान रक्षक समाचार सेवा
खागा/फतेहपुर। सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने किशुनपुर-दादों स्थित क्षतिग्रस्त पुल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने किसी भी संभावित हादसे से बचाव के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता अनिल शील को निर्देशित किया कि पुल के दोनों ओर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि आने-जाने वाले लोगों को खतरे की जानकारी मिल सके। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से के पास मिट्टी डालकर मजबूत अवरोधक (दीवार) तैयार किया जाए, जिससे कोई वाहन या व्यक्ति दुर्घटना का शिकार न हो।ग्रामीणों द्वारा पुल के निर्माण कार्य शुरू होने के संबंध में पूछे जाने पर जिलाधिकारी ने बताया कि शासन से बजट प्राप्त होते ही पुल के निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पुल के आसपास रेड टेप लगाकर खतरे का क्षेत्र चिन्हित किया जाए तथा मार्ग को इस प्रकार सीमित किया जाए कि केवल पैदल लोगों का ही आवागमन हो सके। किसी भी प्रकार के वाहन के आवागमन पर पूर्णतः रोक सुनिश्चित की जाए।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अश्वनी पांडेय, क्षेत्राधिकारी रवि प्रकाश सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


