-खखरेरू। संवाददाता:-
थाना क्षेत्र के भदौहां गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने नकब लगाकर घर में रखे सोने चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित छविलाल पुत्र किशुन रैदास निवासी भदौहां ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बीती रात खाना-पीना करके परिजन सो गए थे। वह कुछ देर के लिए गांव की तरफ घूमने चला गया था। जब घर लौटा तो देखा कि घर के पीछे की दीवार में अज्ञात चोरों ने सेंध लगा रखी थी। छविलाल ने बताया कि चोर घर में रखा लगभग 4 लाख रुपये के जेवर और 12 हजार रुपये नकद उठा ले गए। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सत्य पाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी।
इस सबंध में थाना प्रभारी सत्य पाल सिंह से बात करने पर बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment


