– किसानों नें एसडीओ को चार सूत्री ज्ञापन सौंपा नई लाइन और पोल शिफ्टिंग की मांग-
-खखरेरु। संवाददाता:-
अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज से परेशान होकर गुरुवार को खखरेरू के कनपुरवा विद्युत उपकेंद्र पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। विजयीपुर ब्लॉक अध्यक्ष भरत सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने उपकेंद्र पर धरना देकर विद्युत विभाग को खुली चेतावनी दी। किसानों ने एसडीओ प्रभात कुमार और जेई धीरेन्द्र सिंह को चार सूत्री ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना था कि उपकेंद्र से गई नई लाइन कमजोर है पोल सड़क के किनारे लगे होने से हादसों का खतरा है 33 केवी लाइन में लो-वोल्टेज के कारण ट्रांसफॉर्मर और स्टार्टर बार-बार फुंक रहे हैं और घोषित बिजली भी पूरी नहीं मिल रही है। ज्ञापन लेने के बाद एसडीओ प्रभात कुमार ने तीन दिन के अंदर लो-वोल्टेज की समस्या समाप्त करने का आश्वासन दिया। साथ ही नई लाइन की जांच और पोल शिफ्टिंग का परीक्षण कराने की बात कही। इस पर किसानों ने स्पष्ट किया कि तीन दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 500 ट्रैक्टरों के साथ रक्षपालपुर धाता व कोट मार्ग को चक्का-जाम किया जाएगा।
धरने में विवेक सिंह यादव, गिरिजा शंकर मिश्र, धीरेन्द्र सिंह, कुलदीप सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


