फतेहपुर। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित तांबेश्वर मंदिर तथा थाना हुसैनगंज क्षेत्र के ओम घाट और भिटौरा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को मंदिर परिसर एवं घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी बैरिकेडिंग, सुचारु यातायात व्यवस्था, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से आवश्यक तैयारियां पूरी करें।डीएम और एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।जनपद पुलिस एवं प्रशासन द्वारा श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


