रिपोर्ट – माधव निषाद
संविधान रक्षक समाचार सेवा
फतेहपुर। किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों के हालिया विरोध-प्रदर्शन का सकारात्मक असर अब विद्यालय की व्यवस्थाओं पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। छात्रों द्वारा पेयजल, बिजली, पंखे, साफ-सफाई और खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन की सक्रिय पहल पर विद्यालय में सुधार कार्य तेजी से शुरू हो गए हैं।इसी क्रम में शुक्रवार को बिरला एयरकन कंपनी के प्रबंध निदेशक पी. के. जैन ने विद्यालय के प्रधानाचार्य लाल बहादुर सिंह तथा छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में दो अत्याधुनिक 150-150 लीटर क्षमता वाले आरओ वाटर कूलरों का लोकार्पण किया। अब विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा नियमित रूप से उपलब्ध होगी।छात्र-छात्राओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए जिला प्रशासन और बिरला एयरकन कंपनी के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की समस्या बनी हुई थी, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आरओ वाटर कूलर लगने से अब बड़ी राहत मिलेगी।विद्यालय में केवल पेयजल व्यवस्था ही नहीं, बल्कि अन्य आवश्यक सुविधाओं में भी सुधार किया गया है। नगर पंचायत द्वारा परिसर की व्यापक साफ-सफाई कराई गई है, शौचालयों को व्यवस्थित किया गया है तथा खेल मैदान की सफाई कर उसे विद्यार्थियों के उपयोग योग्य बनाया गया है।छात्रों ने बताया कि प्रदर्शन के बाद विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण पूरी तरह सामान्य हो गया है। प्रतिदिन प्रार्थना सभा के साथ नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन हो रहा है। तहसील प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार विद्यालय की व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि छात्रों की शेष मांगों का भी समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के विकास से छात्र-छात्राओं के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी।


