पतेहपुर नौबस्ता गंगा घाट पर सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दूर-दराज़ के गांवों एवं जनपदों से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए घाट पर पहुंचते रहे। पूरे घाट क्षेत्र में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह स्वयं लगातार घाट क्षेत्र का निरीक्षण करते रहे। उनके नेतृत्व में पुलिस बल मुस्तैदी के साथ तैनात रहा और भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं पर विशेष नजर रखी गई। थाना प्रभारी ने समय-समय पर पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।वहीं नौबस्ता चौकी प्रभारी भी अपनी टीम के साथ पूरी सक्रियता से घाट पर मौजूद रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान के प्रति जागरूक किया तथा घाट के संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी। चौकी प्रभारी द्वारा लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जाता रहा, जिससे पूरे मेले क्षेत्र में अनुशासन और शांति बनी रही।किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्थायी गोताखोरों की तैनाती की गई थी तथा पुलिस प्रशासन द्वारा घाट पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए। पुलिस कर्मी लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने की लगातार अपील करते रहे।स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी पुलिस प्रशासन की व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह एवं चौकी प्रभारी के नेतृत्व में सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु निश्चिंत होकर गंगा स्नान कर पा रहे हैं। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय दिखाई दिया।


