असोथर (फतेहपुर)। थाना असोथर क्षेत्र के अंदीपुर-घरवासीपुर मोड़ के पास सराय गांव में सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी 12 वर्षीय पुत्री का उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संजय कुमार पटेल (35), निवासी सुंदर कुआं, राघवथोक थाना बबेरू (बांदा), अपनी बहन के घर बरगदिहा मजरे सातो धरमपुर आए थे। सोमवार शाम करीब आठ बजे वह अपनी पुत्री आराधना के साथ मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सराय खालिश सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास असोथर-थरियांव मार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेजा। चिकित्सक की अनुपस्थिति के कारण प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान संजय कुमार पटेल ने दम तोड़ दिया। पुत्री आराधना का इलाज जारी है।
इधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की अनुपस्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। थाना प्रभारी रामशंकर सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टक्कर की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


