माथा टेककर लिया आशीर्वाद, जनकल्याण की कामना की
संविधान रक्षक जिला संवाददाता उमेश तिवारी बाराबंकी
बाराबंकी, दिनांक 01 मई 2026।बैसाखी पूर्णिमा के पावन अवसर पर जनपद के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री कोटवा धाम समर्थ साहेब जगजीवन दास बड़े बाबा में आयोजित मेले के दौरान जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेले में आए श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा जनकल्याण एवं जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
जिलाधिकारी ने भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था एवं प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए और मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के समय उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर श्री अनिल सरोज सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


