असोथर क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही परिवहन समस्या को लेकर नगर पंचायत असोथर के चेयरमैन नीरज सेंगर ने राजधानी लखनऊ में प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए असोथर से चित्रकूट धाम और कानपुर महानगर तक नियमित रोडवेज बस सेवा शुरू किए जाने की मांग उठाई।
चेयरमैन ने बताया कि असोथर क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रत्येक माह अमावस्या और एकादशी के अवसर पर चित्रकूट धाम स्थित कामदगिरि परिक्रमा के लिए जाते हैं। लेकिन सीधी बस सेवा न होने के कारण लोगों को निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक बोझ के साथ असुविधा भी उठानी पड़ती है।
उन्होंने यह भी बताया कि कानपुर महानगर शिक्षा, रोजगार और चिकित्सा सुविधाओं का प्रमुख केंद्र है। बावजूद इसके असोथर से कानपुर के लिए सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं है, जिससे आम जनता को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यदि यह सेवा शुरू होती है तो नगर पंचायत सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने चेयरमैन द्वारा प्रस्तुत मांग और जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम नागरिकों को सुलभ, सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
चेयरमैन नीरज सेंगर की इस पहल का क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही असोथर से चित्रकूट और कानपुर के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू होगी, जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।
Leave a comment


