श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
संविधान रक्षक जिला संवाददाता उमेश तिवारी बाराबंकी
बाराबंकी, 08 मई 2026। तहसील रामनगर क्षेत्रान्तर्गत महोदवा स्थित लोधेश्वर महादेव मंदिर पर आयोजित होने वाले पुरुषोत्तम मास (अधिमास) मेले के दृष्टिगत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को लोक सभागार कलेक्ट्रेट बाराबंकी में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) निरंकार सिंह द्वारा विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि पुरुषोत्तम मास दिनांक 17 मई 2026 से प्रारम्भ होकर 16 जून 2026 तक आयोजित रहेगा, जिसमें प्रदेश एवं देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। विशेषकर प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ रहती है तथा रविवार सायंकाल से ही दर्शनार्थियों का आवागमन प्रारम्भ हो जाता है।
बैठक में मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने बैरीकेटिंग, टेंटेज एवं अस्थायी विद्युत व्यवस्था, पार्किंग एवं बैरियर व्यवस्था, बोहनिया एवं अभरण तालाब की साफ-सफाई, मेला परिसर की स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल व्यवस्था तथा खाद्य पदार्थों की जांच को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त पुलिस, सुरक्षा एवं सीसीटीवी व्यवस्था, मार्ग परिवर्तन योजना, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, खोया-पाया केन्द्र तथा मेला परिसर में विक्रय की जाने वाली सामग्री के रेट निर्धारण की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मेला परिसर एवं आसपास छुट्टा पशुओं को हटाने, गेस्ट हाउस बुढ़वल एवं ऑडिटोरियम की साफ-सफाई तथा अग्निशमन व्यवस्था को भी प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करें तथा मेला अवधि के दौरान निरंतर निगरानी बनाए रखें, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री विकास चंद्र त्रिपाठी द्वारा पुलिस प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैठक में उपजिलाधिकारी रामनगर आनंद कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुश्री गरिमा पंत, निवर्तमान विधायक रामनगर शरद अवस्थी, मुख्य पुजारीश्लोधेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


