शादी में दहेज के विवाद पर महिला व उसके पति को पीटा, तीन पर मुकदमा दर्ज
फतेहपुर /थाना क्षेत्र के कंधिया गांव में एक शादी समारोह के दौरान दहेज व लेनदेन को लेकर हुए विवाद में महिला व उसके पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम व पोस्ट मुत्तौर थाना ललौली की रहने वाली अंजना देवी पत्नी विवेक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 26 फरवरी को अपने पति विवेक के साथ अपने मायके ग्राम कंधिया थाना असोथर में बहन की शादी में शामिल होने आई थी। आरोप है कि 27 फरवरी की रात करीब एक बजे दूल्हे के बहनोई संजय पुत्र राम सजीवन व नीरज पुत्र राम सजीवन निवासी ग्राम देवगांव (मूसेपुर) थाना ललौली तथा दूल्हे का भाई गुलशन पुत्र विनेश कुमार प्रजापति निवासी ग्राम बनरसी ने दहेज और लेनदेन को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने अंजना देवी को लात-घूंसों और लाठी से पीट दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पति विवेक को भी मारपीट कर घायल कर दिया। शोर सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
पीड़िता ने इलाज कराने के बाद थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक राधे मोहन श्रीवास्तव को सौंपी गई है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


