प्रयागराज, 27 मई 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 28 मई 2026 शाम 08:30 बजे से 30 मई 2026 प्रातः 08:30 बजे तक प्रयागराज एवं आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी, धूलभरी हवाएं, वज्रपात, मेघगर्जन, भारी वर्षा, ओलावृष्टि और 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक की तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी प्रयागराज ने समस्त जनपदवासियों से सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की है।
जनसामान्य हेतु आवश्यक सावधानियां
1. आंधी और तेज हवाओं के दौरान
अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। कमजोर मकानों, कच्चे भवनों और टिन शेड से दूर रहें। पेड़, बिजली के खंभे, मोबाइल टावर, होर्डिंग और निर्माणाधीन भवनों के पास खड़े न हों। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। मोटरसाइकिल चालक हेलमेट पहनें और सुरक्षित स्थान पर रुकें। खुले स्थानों पर खड़े वाहन सुरक्षित स्थान पर हटाएं। घरों की खिड़कियां, दरवाजे और छत पर रखी ढीली वस्तुएं सुरक्षित कर लें।
2. वज्रपात से बचाव
गरज चमक के दौरान खुले मैदान, खेत, छत और ऊंचे स्थानों पर न रहें। पेड़ के नीचे शरण न लें। मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करें और विद्युत उपकरणों के प्लग निकाल दें। धातु की वस्तुओं से दूरी बनाए रखें। यदि खुले में फंस जाएं तो दोनों पैर मिलाकर नीचे झुक जाएं। जमीन पर सीधे न लेटें। किसान भाई खेतों में कार्य तत्काल बंद कर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
3. भारी वर्षा के दौरान
जलभराव वाले क्षेत्रों और नालों के आसपास जाने से बचें। बच्चों को बारिश के दौरान बाहर न जाने दें। बिजली के कटे हुए तारों से दूर रहें और तुरंत सूचना दें। घरों की छतों और जल निकासी की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर लें। आवश्यक खाद्य सामग्री, पीने का पानी और प्राथमिक उपचार सामग्री सुरक्षित रखें।
4. किसानों हेतु विशेष सलाह
कटाई की गई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें और तिरपाल से ढक दें। पशुओं को खुले स्थान से हटाकर सुरक्षित शेड में रखें। कृषि यंत्र और उर्वरक या बीज को बारिश से सुरक्षित रखें। मौसम सामान्य होने तक सिंचाई और अन्य जोखिमपूर्ण कृषि कार्य स्थगित रखें।
5. विद्यालयों और संस्थानों हेतु
विद्यालय प्रबंधन मौसम की स्थिति पर सतत निगरानी रखें। बच्चों को खराब मौसम में खुले मैदान में गतिविधियां न कराई जाएं। आपातकालीन संपर्क नंबर सक्रिय रखें।
6. विद्युत और अग्नि सुरक्षा
टूटे विद्युत तारों के संपर्क में न आएं। बिजली चमकने के दौरान विद्युत उपकरणों का उपयोग सीमित करें। किसी भी विद्युत दुर्घटना की सूचना तत्काल विद्युत विभाग और प्रशासन को दें।
प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं
जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए गए हैं। सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राहत और बचाव दलों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, नगर निकाय और राजस्व विभाग को त्वरित कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है।
आपातकालीन स्थिति में संपर्क करें
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष, प्रयागराज
☎️ 0532-2641577
☎️ 0532-2641578
जिलाधिकारी प्रयागराज की अपील
“समस्त जनपदवासी मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें, अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें। आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है।


