शुभम का धमाकेदार प्रदर्शन, बने मैन ऑफ द मैच व मैन ऑफ द सीरीज
विजयीपुर/फतेहपुर, 25 मई। विजयीपुर विकासखंड के जालंधरपुर गांव में आयोजित जालंधरपुर प्रीमियर लीग (जेपीएल) का रोमांचक फाइनल मुकाबला सोमवार को धाता और किशनपुर की टीमों के बीच खेला गया। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए धाता की टीम ने किशनपुर को हराकर जेपीएल 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच में शानदार बल्लेबाजी करने वाले शुभम को मैन ऑफ द मैच तथा पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया।नौ मई से शुरू हुए इस क्रिकेट महाकुंभ में कुल 22 टीमों ने हिस्सा लिया था। क्षेत्र ही नहीं बल्कि जिले की कई मजबूत टीमों ने टूर्नामेंट में भाग लेकर प्रतियोगिता को बेहद रोमांचक बना दिया। फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी किशनपुर की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 123 रन बनाए। टीम की ओर से अजीज धोनी और रेहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 30-30 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।124 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी धाता की टीम की शुरुआत धीमी रही, लेकिन इसके बाद शुभम और मुसाहिद रजा ने आक्रामक बल्लेबाजी कर मैच का रुख बदल दिया। शुभम ने मात्र 15 गेंदों में 41 रन और मुसाहिद रजा ने 11 गेंदों में 28 रनों की विस्फोटक पारी खेलते हुए धाता को 12वें ओवर में ही शानदार जीत दिला दी।विजेता बनी धाता टीम को 31 हजार रुपये तथा उपविजेता किशनपुर टीम को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि हंसवा ब्लॉक प्रमुख विकास पासवान एवं विजयीपुर मंडल अध्यक्ष प्रीति सिंह ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।इस मौके पर विनय निषाद, विक्रम निषाद, रामप्रसाद निषाद, संजू बाबा, लोकेश निषाद सहित क्षेत्र के सैकड़ों खेल प्रेमी मौजूद रहे।


