विजयीपुर ,फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र की गुरूवल पंचायत अंतर्गत जगदीशपुर सेधरी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान की पराली में 10 फुट से अधिक लंबा विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अचानक पराली में अजगर के लहराने की आहट से किसान समेत आसपास के ग्रामीण सन्न रह गए। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए और अजगर को देखने के लिए मानो ग्रामीणों की कतार लग गई।सूचना पर तुरंत हरकत में आए वन विभाग के कर्मचारियों की टीम गांव पहुंची और सतर्कता के साथ अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ा। विभागीय टीम ने बताया कि अजगर पूरी तरह स्वस्थ है, जिसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।ग्रामीणों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए राहत की सांस ली।


