फतेहपुर जनपद के किशनपुर थाना क्षेत्र के बहियापुर गांव में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना विजयीपुर–असोथर मार्ग पर बरेची गांव के पास हुई।जानकारी के अनुसार, बहियापुर निवासी छोटू निर्मल (28) अपने बड़े भाई सुरेंद्र निर्मल (32) के साथ बाइक से विजयीपुर से वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सड़क पर पहले से शीशम के पेड़ का तना पड़ा था। स्थानीय लोगों के अनुसार पेड़ की डालियां तो हटाई गई थीं, लेकिन तना सड़क से नहीं हटाया गया था।तेज रफ्तार में जा रही बाइक अनियंत्रित होकर उसी तने से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि सुरेंद्र निर्मल को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं छोटू निर्मल गंभीर रूप से घायल हो गए।राहगीरों की सूचना पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को सीएचसी हरदों ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल छोटू को प्राथमिक उपचार के बाद फतेहपुर रेफर कर दिया गया।चौकी प्रभारी अखिलेंद्र प्रताप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


