विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा, तालाबों में पानी भराने, राहत व्यवस्थाओं एवं बाढ़ पूर्व तैयारियों पर विशेष बल
संविधान रक्षक जिला संवाददाता उमेश तिवारी बाराबंकी
बाराबंकी, 29 अप्रैल 2026।
कलेक्ट्रेट लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हीट वेव (लू प्रकोप), सूखा प्रबंधन एवं संभावित बाढ़ से बचाव को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए तथा राज्य कार्ययोजना के अनुरूप सभी पूर्व तैयारियां समय से पूर्ण करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने भीषण गर्मी के दृष्टिगत विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देशित किया कि प्रार्थना सभा छायादार स्थान पर आयोजित की जाए, छोटे बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा विद्यार्थियों को टोपी, गमछा एवं पानी की बोतल साथ लाने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल, छायादार व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार कूलिंग सेंटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में दवाओं, ओआरएस, अतिरिक्त स्टाफ एवं उपचार व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने को कहा गया।
सूखा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सूखे पड़े तालाबों एवं अमृत सरोवरों में आवश्यकतानुसार पानी भराने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे आमजन के साथ पशु-पक्षियों को भी राहत मिल सके। साथ ही जल संरक्षण, पेयजल स्रोतों की उपलब्धता, सिंचाई संसाधनों तथा कृषि एवं पशुधन संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
संभावित बाढ़ के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने बाढ़ संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन, बाढ़ चौकियों, राहत शिविरों, चिकित्सा एवं पशु शिविरों की तैयारी, नावों एवं गोताखोरों की उपलब्धता, तटबंधों की निगरानी तथा राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री एवं मेडिकल सुविधाओं की सुचारू उपलब्धता बनाए रखने तथा संभावित रूप से प्रभावित होने वाली फसलों का निरीक्षण कर आवश्यक रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग संवेदनशीलता, तत्परता एवं समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि गर्मी, सूखा अथवा बाढ़ जैसी किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में जनहानि एवं नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन, अपर जिलाधिकारी श्री निरंकार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नवाबगंज सुश्री गुंजिता अग्रवाल सहित समस्त उपजिलाधिकारी गण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


