विजयीपुर, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के रारी गांव में चोरों ने देर रात एक घर के बाहर बंधी चार बकरियां चोरी कर लीं। घटना से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित ने थाना किशनपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रारी गांव निवासी गंगादीन पुत्र मंगल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि मंगलवार रात अज्ञात चोर घर के बाहर बंधी चार बकरियों की रस्सी काटकर उन्हें खोल ले गए। सुबह जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया।
पीड़ित के अनुसार, देर रात गांव के पास एक पिकअप वाहन भी देखा गया था। इसी दौरान उनकी पुत्री की नींद खुली तो उसने कुछ दूरी पर एक पिकअप जाते देखा। जब परिवार ने बाहर आकर देखा तो घर के पास बंधी चारों बकरियां गायब थीं। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर वाहन से बकरियां लादकर फरार हुए हैं।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से बकरियां बरामद कराने तथा चोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


