संवाददाता
फतेहपुर। विजयीपुर विकास खंड के अंतर्गत हनुमंतन चौराहा से रायपुर भसरौल जाने वाले लोक निर्माण विभाग (PWD) के मार्ग की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से यह मार्ग राहगीरों और स्कूली बच्चों के लिए खतरे का कारण बन गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जलभराव के कारण गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देती, जिससे साइकिल, बाइक और अन्य वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं। परिणामस्वरूप आए दिन छात्र-छात्राएं फिसलकर घायल हो रहे हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, किसान और आम नागरिक आवागमन करते हैं। लंबे समय से सड़क जर्जर अवस्था में होने के बावजूद संबंधित विभाग ने अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।


