छत ढलाई एवं फिनिशिंग कार्यों को मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश
संविधान रक्षक जिला संवाददाता उमेश तिवारी
बाराबंकी, 25 जून 2026। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत नगर पंचायत सतरिख में लगभग ₹1.98 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन डिजिटल लाइब्रेरी एवं पार्किंग परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन की छत ढलाई, प्लास्टर, फ्लोरिंग एवं अन्य फिनिशिंग कार्यों की गुणवत्ता का गहन परीक्षण किया। कार्यों में अपेक्षित गुणवत्ता एवं मानकों का अभाव पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा कार्यदायी संस्था के अभियंता को सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कराए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कमियों को तत्काल दूर करते हुए शेष कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाए।उन्होंने कार्यदायी संस्था को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधार नहीं किया जाता है तो संबंधित संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भी नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ईओ नगर पंचायत सतरिख सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, कार्यदायी संस्था के अभियंता एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


