एटा:ईद-उल-जुहा (बकरीद) के पावन अवसर पर शहर में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। नमाज के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए जिलाधिकारी (डीएम) अरविंद कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खुद फील्ड में उतरकर हालात का जायजा लेते रहे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. इलामारन जी ने एटा में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने थाना कोतवाली नगर और मारहरा क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का आकलन किया।
गुरुवार को, जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से डीएम और एसएसपी ने भारी पुलिस बल के साथ भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और मस्जिदों के आसपास की सुरक्षा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुख्ता इंतजामों को परखा।
निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों के आसपास निरंतर भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नमाजियों से मुलाकात कर आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील भी की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा ने बताया कि सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है। भ्रामक खबरें और अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहने और अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा निगरानी के लिए सीसीटीवी और ड्रोन का भी उपयोग किया जा रहा है। विशाल माथुर तूफानी की खास रिपोर्ट
Leave a comment


