गांव में लंबे समय से लोग कच्चे और उबड़-खाबड़ रास्तों से परेशान थे। बरसात के दिनों में रास्तों पर कीचड़ और जलभराव होने के कारण लोगों का निकलना तक मुश्किल हो जाता था। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
मौके पर तेजी से इंटरलॉकिंग बिछाने और सड़क को मजबूत बनाने का कार्य किया जा रहा है। सड़क निर्माण को देखकर गांव के लोग काफी प्रसन्न नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अब गांव में विकास कार्य धरातल पर दिखाई देने लगे हैं और लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र मौर्य लगातार गांव के विकास कार्यों पर नजर बनाए हुए हैं और ग्रामीणों के बीच पहुंचकर निर्माण कार्य का जायजा ले रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान जनता के बीच रहकर कार्य करवा रहे हैं, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा है। गांव के लोग उनकी कार्यशैली की सराहना करते हुए कह रहे हैं कि अब गांव की तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यदि इसी प्रकार गांव में विकास कार्य चलते रहे तो आने वाले समय में ग्राम सभा जवई पड़री क्षेत्र में विकास की नई पहचान बनेगी।
संविधान रक्षक न्यूज़ — लोकतंत्र की आवाज
संवाददाता : अवधेश कुमार
Leave a comment


