इक्कीसवें रमज़ान पर दिया गया भाईचारे का संदेश, अमन-शांति की दुआओं के बीच होली-ईद की बधाइयों से गूंजा माहौल
प्रयागराज। प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित इंदिरा भवन में इक्कीसवें रमज़ान के अवसर पर शहर के व्यापारी मनीष अग्रवाल द्वारा भव्य रोज़ा इफ्तार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न समाजों, व्यापारिक वर्ग, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों सहित सभी धर्मों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चा बनी रही। जानकारी के अनुसार मनीष अग्रवाल पिछले कई वर्षों से लगातार रोज़ा इफ्तार का आयोजन करते आ रहे हैं और हर वर्ष इस कार्यक्रम में लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस वर्ष भी इफ्तार को बड़े स्तर पर आयोजित किया गया, जिसमें सिविल लाइंस, चौक, कीडगंज, खुल्दाबाद, करेली, नैनी और यमुनानगर क्षेत्र से भी लोग शामिल होने पहुंचे। इफ्तार से पहले सभी ने एक साथ बैठकर मुल्क में अमन- शांति, भाईचारा और तरक्की के लिए दुआ की। अज़ान के बाद रोज़ा खोला गया और उसके बाद नमाज़ अदा की गई। नमाज़ के बाद लोगों ने एक- दूसरे से गले मिलकर होली और आने वाली ईद की बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान पूरे समय सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा और किसी प्रकार की अव्यवस्था देखने को नहीं मिली। आयोजक मनीष अग्रवाल ने बताया कि उनका उद्देश्य किसी एक धर्म का कार्यक्रम करना नहीं बल्कि सभी धर्मों के लोगों को एक मंच पर लाना है। उन्होंने कहा कि जब अलग- अलग समाज के लोग एक साथ बैठते हैं तो आपसी दूरी कम होती है और समाज में अच्छा संदेश जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में शांति और भाईचारा बना रहे, इसी सोच के साथ हर वर्ष इफ्तार का आयोजन किया जाता है और आगे भी यह परंपरा जारी रहेगी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि प्रयागराज की पहचान हमेशा से गंगा-जमुनी तहज़ीब रही है और ऐसे आयोजन इस परंपरा को मजबूत करते हैं। लोगों का कहना था कि वर्तमान समय में इस तरह के कार्यक्रम समाज को जोड़ने का काम करते हैं और नई पीढ़ी को भी आपसी सम्मान का संदेश देते हैं। इंदिरा भवन में आयोजित इफ्तार कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी, विभिन्न समाजों की भागीदारी और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर कार्यक्रम शहर में चर्चा का विषय बना रहा।


