जनपद कौशाम्बी के ग्राम सभा जवई पड़री में आज भी ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। गांव में अवधेश कुमार के घर से लेकर मिर्जापुर जवाई रोड तक का मुख्य मार्ग पूरी तरह कच्चा पड़ा हुआ है, जिसकी हालत बेहद खराब और खतरनाक हो चुकी है। रास्ते में जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और गन्दा पानी भरा होने के कारण लोगों का निकलना दूभर हो गया है।
बरसात और पानी भराव की वजह से यह मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने बदतर हैं कि ग्रामीणों को रास्ता पार करने के लिए चादर बिछानी पड़ रही है। कई बार लोग फिसलकर गिर जाते हैं और चोटिल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। यह रास्ता गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, बावजूद इसके प्रशासन की अनदेखी ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और संबंधित विभाग से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर सड़क का पक्कीकरण कराया जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
Leave a comment


