असोथर फतेहपुर। थाना क्षेत्र में सोमवार रात से मंगलवार तक अलग-अलग स्थानों पर हुए पांच सड़क हादसों में कई लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि एक की हालत गंभीर होने पर कानपुर हैलेट अस्पताल भेजा गया है।
पहली घटना सोमवार रात करीब आठ बजे प्रेममऊ कटरा गांव के हनुमान मंदिर के सामने हुई। गांव निवासी रामकुमार पासवान (50) अपने रिश्तेदार अर्जुन (20) के साथ असोथर बाजार से मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से गाजीपुर की ओर से आ रहे शिवम पाल (20) पुत्र जयप्रकाश निवासी छेदीपुर मजरे कंधिया की बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। ग्रामीणों के अनुसार दोनों बाइक सवारों को हल्की चोटें आईं, जबकि शिवम पाल के सिर में गंभीर चोट आई है। तीनों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल सदर रेफर किया गया। शिवम की हालत नाजुक बताई जा रही है।
दूसरी घटना सोमवार रात करीब 11 बजे हुई। दीपू उर्फ दीपनारायण तिवारी (40) पुत्र बिंदेश्वरी तिवारी और गुड्डू पांडेय (30) पुत्र मोतीलाल पांडेय निवासी पुर बुजुर्ग मोटरसाइकिल से असोथर के एक प्रतिष्ठान में गांव के ही सहादेव मौर्य की बेटी के शादी समारोह से निमंत्रण कर लौट रहे थे। इसी दौरान कौडर पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर भूसा लादकर निकल रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर दीपनारायण तिवारी को कानपुर के हैलेट अस्पताल भेजा गया है। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक और मालिक किशनपुर थाना क्षेत्र के सिलमी गांव के रहने वाले हैं।
तीसरी घटना मंगलवार दोपहर प्रताप नगर झाल तिराहे पर हुई, जहां एक पिकअप वाहन की एंबुलेंस (102) से भिड़ंत हो गई। टक्कर में एंबुलेंस का रेडिएटर फट गया, हालांकि चालक समेत अन्य कर्मचारी बाल-बाल बच गए। चालक की सूचना पर पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
चौथी घटना मनावा रोड पर बर्रा बगहा से सरकंडी मार्ग स्थित रेशम फार्म के पास हुई। नरैनी गांव के भट्ठे से ईंट उतारकर लौट रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और मजदूर बाल-बाल बच गए।
पांचवीं घटना कंधिया मोड़ के पास हुई, जहां हाईस्कूल का चित्रकला का पेपर देने भाई के साथ जा रहीं दो बहनों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है।
थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि सभी घटनाओं की जानकारी मिली है। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है और संबंधित मामलों में जांच की जा रही है। जहां आवश्यक होगा वहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment


