उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के विजयीपुर से असोथर रोड़ का विकास और निर्माण की कछुआ चाल अब राहगीरों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। विजयीपुर-असोथर रोड पर सुधार के नाम पर फैलाई गई बेतरतीब गिट्टियां काल का ग्रास बन रही हैं। बीते दिनों गिट्टियों की फिसलन के कारण अनियंत्रित होकर गिरे एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई थी, लेकिन इस बड़ी घटना के बाद भी विभाग की नींद नहीं टूटी। आलम यह है कि पिछले कुछ ही दिनों के भीतर इसी स्थान पर आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल पहुंच चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर गिट्टी डालकर छोड़ दी गई है, जिससे दोपहिया वाहनों का संतुलन बिगड़ना आम बात हो गई है।
बार-बार की शिकायतों और बढ़ती दुर्घटनाओं के बावजूद जब लोक निर्माण विभाग और संबंधित ठेकेदार ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया, तो ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आज सुबह सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विभाग किसी और बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक सड़क को सुरक्षित नहीं किया जाता और लापरवाह जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग पूरी नहीं होती, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है, जो ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है।
Leave a comment


