विजयीपुर, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के लोचीडेरा मजरे इटरोरा गांव में लापता तीन वर्षीय अंकुश का शव चौथे दिन उसके घर से करीब 50 मीटर दूर अरहर के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। बुधवार को बच्चे के गायब होने पर पुलिस ने तलाश शुरू की थी। एनडीआरएफ ने ससुर खदेरी नदी में भी सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में क्षत-विक्षत हालत में शव देखा। सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा कर सीआईडी जांच की मांग की। क्षेत्र में अंधविश्वास के चलते हत्या की चर्चाएं भी हो रही हैं।पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जंगली जानवर के हमले का प्रतीत होता है। फॉरेंसिक और एसओजी टीमें जांच में जुटी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।


