रिपोर्ट महेश चक्रवर्ती असोथर फतेहपुर
फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरबुजुर्ग गांव के चौराहे पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार शिक्षक और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरबुजुर्ग गांव निवासी शिक्षक शीतल पाल उर्फ लल्ली आज सुबह लगभग 8:15 बजे फतेहपुर से अपने निजी कार्यों को निपटाकर बाइक द्वारा पत्नी के साथ वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अपने गांव के चौराहे को पार करने लगे, तभी विजयीपुर की ओर से गाजीपुर की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी, जिससे दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार सवार चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में सफल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तत्काल 112 नंबर पीआरबी टीम को अवगत कराया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पीआरबी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल दंपती को अपने रिजर्व वाहन से असोथर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का इलाज चल रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है।
इस संबंध में असोथर थाना प्रभारी रमाकांत सरोज ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।


