खखरेरू/फतेहपुर खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार दोपहर खखरेरू थाना क्षेत्र के चकिया गांव में संचालित कथित गुड़ भट्ठी पर छापा मारा। टीम को मौके पर सड़ा-गला गुड़, चीनी का सीरा और गंदगी के बीच गुड़ तैयार किए जाने का सामान मिला। कार्यवाही के दौरान लगभग 15 कुंतल संदिग्ध गुड़ मौके पर ही जेसीबी से गढ्ढा खोदवाकर नष्ट कराया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने चार नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चकिया गांव में पिछले कई महीनों से कथित तौर पर ‘स्पेशल देसी गुड़’ तैयार किया जा रहा था। ग्रामीणों की शिकायत पर बाद खाद्य विभाग की टीम ने पुलिस के साथ भट्ठी पर छापा मारा। टीम के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई।
खाद्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर गुड़ बनाने के लिए इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता संदिग्ध मिली। कड़ाहों में सड़ा-गला गुड़ और चीनी का सीरा पड़ा मिला। भट्ठी परिसर में जगह-जगह गंदगी का अंबार भी मिला। विभाग ने मौके से चार अलग-अलग नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।खाद्य सुरक्षा टीम के नेतृत्व कर रहे सहायक आयुक्त खाद्य बीरन सिंह कुशवाहा ने बताया कि मौके से चार नमूने लिए गए हैं। संदिग्ध पाए गए लगभग 15 कुंतल गुड़ को जेसीबी की मदद से नष्ट कराया गया, ताकि उसकी बिक्री न हो सके। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप सामने आया है कि तैयार किए जा रहे गुड़ को कथित तौर पर गत्तों में पैक कर आसपास के बाजारों में ‘स्पेशल देसी गुड़’ के नाम से बिक्री के लिए भेजा जाता था। भट्ठी का संचालन बृजेश कुमार केसरवानी पुत्र चिरौंजी लाल निवासी सराय अकिल, कौशांबी द्वारा किए जाने की जानकारी दी गई है। हालांकि इन आरोपों की वास्तविकता खाद्य विभाग की जांच और नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
चकिया गांव में कथित मिलावटी गुड़ तैयार किए जाने को लेकर स्थानीय स्तर पर पहले से सवाल उठ रहे थे। ‘कड़ाहों में उबलता मीठा जहर’ शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद खाद्य विभाग की कार्यवाही ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि जांच में नमूने मानकों के विपरीत पाए जाते हैं तो इतने दिनों से चल रहे इस कारोबार पर जिम्मेदारी किसकी तय होगी और बाजार में पहुंच चुके कथित मिलावटी गुड़ की बिक्री पर विभाग क्या कार्यवाही करेगा।
छापेमारी के दौरान एफएसओ धीरज कुमार दीक्षित, एफएसओ गणेश चंद्र, एफएसओ देवेश कुमार मिश्रा समेत पुलिस बल मौजूद रहा।
Leave a comment
