फतेहपुर। धाता ब्लॉक परिसर मे भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने सोमवार को धाता ब्लॉक अध्यक्ष अशोक सिंह पटेल के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन कर ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शन के बाद देर शाम को किसानों ने नायब तहसीलदार अवधेश कुमार के माध्यम से उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में ग्राम अजरौली की जर्जर सड़क, क्षतिग्रस्त नालियों और जलनिकासी व्यवस्था को प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से राहगीरों और किसानों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, नालियों के टूटे होने और सफाई न होने से हल्की बारिश में भी जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों के घरों तक पानी पहुंच जाता है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है।
ज्ञापन में उरई गांव स्थित लोक निर्माण विभाग की सड़क से सटे खाद के गड्ढों, सामान्य आबादी, बंजर भूमि, नाली और चकमार्ग का सीमांकन कराकर अतिक्रमण हटाने की मांग की गई। इसके अलावा गोढ़वापर गांव में ग्राम समाज की भूमि पर हुए अवैध कब्जों की लेखपाल से जांच कराकर भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा घटईपुर गांव में अवैध कब्जे हटवाकर गरीबों के लिए खाद के गड्ढे बनवाने की मांग भी रखी गई।
किसानों ने बिजली, पेयजल, खाद की उपलब्धता और नहरों में पानी छोड़े जाने की समस्या का भी समाधान कराने की मांग की। साथ ही दीपनारायण तिराहे से अतिक्रमण हटाकर उसके सौंदर्यीकरण की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसानों और ग्रामीणों के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान नगर पंचायत के ईओ प्रावेन्द्र कुमार, लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर, नहर विभाग के जेई, ब्लॉक के अधिकारी तथा अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे और किसानों की समस्याएं सुनीं।
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अशोक सिंह, महेश फौजी, राजू गौतम, गिरजा शंकर, रवि सिंह, भैयालाल मिस्त्री, बुधराज यादव सहित बड़ी संख्या में किसान यूनियन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
धाता से कुलदीप कुमार की रिपोर्ट


