फतेहपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शनिवार को क्षेत्राधिकारी खागा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव तथा लंबित मामलों की स्थिति का गहनता से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय में संधारित अपराध रजिस्टरों, शिकायत पंजिका, लंबित विवेचनाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने रजिस्टरों के अद्यतन रख-रखाव पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि प्रत्येक अभिलेख व्यवस्थित एवं पूर्ण रूप से संधारित किया जाए, ताकि किसी भी मामले में आवश्यक जानकारी तत्काल उपलब्ध हो सके। पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विवेचनाओं में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि थाना एवं क्षेत्राधिकारी कार्यालय में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिसिंग का अनुभव कराना पुलिस विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय का वातावरण ऐसा होना चाहिए, जिससे आमजन को सहजता और पारदर्शिता का अनुभव हो। इसके अलावा उन्होंने कार्यालय स्टाफ से कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए शासन की मंशा के अनुरूप जवाबदेही एवं अनुशासन के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा जनता के प्रति सकारात्मक एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी खागा एवं कार्यालय से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Leave a comment


