विद्युत आपूर्ति सम्बन्धी शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
संविधान रक्षक जिला संवाददाता उमेश तिवारी बाराबंकी
बाराबंकी, 05 मई 2026। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 1912 हेल्पलाइन पर प्राप्त विद्युत आपूर्ति सम्बन्धी शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। वर्तमान मौसम की परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए उन्होंने विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्क रहकर अवरोधित विद्युत आपूर्ति को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही बिलिंग प्रतिशत को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने विद्यालयों के ऊपर से गुजरने वाली विद्युत लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए, ताकि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इसके अतिरिक्त जनपद में संचालित अन्य निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में विद्युत सम्बन्धी कार्यों को भी समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधीक्षण अभियन्ता इ० राजबाला, अधिशासी अभियन्ता विद्युत बाराबंकी सहित विभागीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


