रामनगर वन रेंज के टटेरपुर मजरे लैन गांव में अवैध कटान, शिकायत के बावजूद जिम्मेदार बेखबर या फिर मिलीभगत!?
रामनगर,बाराबंकी, रामनगर वन रेंज पुलिस चौकी महादेव क्षेत्र के ग्राम टटेरपुर मजरे लैन गांव में आम के हरे पेड़ों की अवैध कटान का गंभीर मामला सामने आया है। खास बात यह है कि यह घटना ऐसे समय में हो रही है जब आम के पेड़ों पर फल लगे हुए हैं और नियमों के अनुसार इस अवधि में पेड़ों की कटाई पूर्णतः प्रतिबंधित मानी जाती है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ठेकेदारों द्वारा खुलेआम आम के हरे-भरे पेड़ों पर आरी चलाई जा रही थी। मामले की भनक लगते ही किसी जागरूक व्यक्ति ने तत्काल डायल 112 और क्षेत्रीय मीडिया को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर 112 पुलिस की गाड़ी पहुंची, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
ग्रामीणों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह से आम जैसे पूजनीय और उपयोगी वृक्षों की कटाई होना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि पर्यावरण के प्रति भी गंभीर लापरवाही है। हैरानी की बात यह है कि वन विभाग इस पूरे मामले में मूकदर्शक बना हुआ नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि आखिर इतनी बड़ी अवैध गतिविधि बिना विभागीय संलिप्तता के कैसे संभव है! लोगों का आरोप है कि कहीं न कहीं वन विभाग की भूमिका संदिग्ध है, या फिर मिलीभगत का खेल चल रहा है।
क्षेत्र में पहले भी इस तरह की अवैध कटान की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन हर बार कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति ही होती नजर आती है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है, या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा!


