विशेष अभियान के दौरान जनपद की समस्त विधानसभाओ से सभी प्रकार के कुल 3254 फॉर्म हुए प्राप्त
बाराबंकी 11जनवरी-: भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में तथा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत आज दिनांक 11 जनवरी, 2026 (रविवार) को जनपद बाराबंकी के समस्त 2870 बूथों पर आलेख मतदाता सूची का विधिवत वाचन/पठन कराया गया।
इस अवसर पर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा उपस्थित मतदाताओं को प्रकाशित मतदाता सूची का अवलोकन कराया गया तथा नाम सम्मिलन, नाम विलोपन, नाम संशोधन एवं स्थान परिवर्तन से संबंधित प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित फॉर्म-6, 6क, 7 एवं 8 के संबंध में मतदाताओं को जागरूक किया गया, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।
कार्यक्रम की सघन एवं प्रभावी मॉनिटरिंग हेतु उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) श्री निरंकार सिंह सहित जनपद की समस्त विधानसभाओं के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण द्वारा विभिन्न बूथों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वाचन प्रक्रिया, अभिलेखों की उपलब्धता एवं बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि आज विशेष अभियान के दौरान जनपद की सभी विधानसभाओं से परिवर्धन,विलोपन व संशोधन के कुल 3254 फार्म प्राप्त हुए हैं जिसमें कुर्सी विधानसभा में 498 रामनगर में 244 बाराबंकी में 710, जैदपुर में 539, दरियाबाद में 710 व हैदरगढ़ में 553 फार्म प्राप्त हुए है। उन्होंने जनपद के समस्त मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में अपने नाम, पता एवं अन्य विवरणों की जांच कर आवश्यक दावा-आपत्ति समय से प्रस्तुत करें। मतदाता ECINET मोबाइल ऐप एवं भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।


