बाराबंकी, दिनांक 09 जनवरी 2026-जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पी.एम.-अजय) के घटक प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना अंतर्गत जिला स्तरीय परियोजना अनुमोदन समिति (DLPACC) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में योजना के अंतर्गत जनपद में चयनित ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पी.एम.-अजय) के अंतर्गत जनपद की कुल 46 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है।बंकी विकास खण्ड की 01 ग्राम पंचायत, दरियाबाद की 01, देवा की 03, निन्दूरा की 10, हरख की 09, सिद्धौर की 14, पूरे डलई की 01, सूरतगंज की 02, रामनगर की 04 तथा फतेहपुर विकास खण्ड की 01 ग्राम पंचायत शामिल है।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पी.एम.-अजय) केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल ग्राम पंचायतों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। योजना के अंतर्गत ग्रामों में आधारभूत अवस्थापना सुविधाओं का विकास, सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा जीवन स्तर में सुधार किया जाना है।
बैठक में चयनित ग्राम पंचायतों की ग्राम विकास योजनाओं (VDP) के अनुमोदन, क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत कराए जाने वाले सभी कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जेई स्तर के अधिकारी प्रत्येक स्तर पर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे, जिससे कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं मानक के अनुरूप पूर्ण हो सकें।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों का क्रियान्वयन शासन द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए तथा योजना का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित रूप से पहुँचे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


