उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
संविधान रक्षक जिला संवाददाता उमेश तिवारी बाराबंकी
बाराबंकी, 17 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों में पात्र नागरिकों के नाम सम्मिलित किए जाने के उद्देश्य से आज जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैम्प आयोजित किए गए। कैम्प के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं को पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों को फार्म-6 उपलब्ध कराए गए तथा पंजीकरण संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
विशेष कैम्पों के सुव्यवस्थित संचालन एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 270-दरियाबाद के विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने बूथ संख्या 350 से 352 तक पटेल पंचायती इंटर कॉलेज, बूथ संख्या 353 एवं 354 प्राथमिक विद्यालय धरौली तथा बूथ संख्या 355 एवं 356 प्राथमिक विद्यालय चंदौली में संचालित कैम्पों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि कैम्प के दौरान निर्धारित समय तक मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के इच्छुक नागरिकों को आवश्यक प्रक्रिया एवं अभिलेखों के संबंध में उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाए।
पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि उनका नाम सूची में सम्मिलित नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 के माध्यम से पंजीकरण हेतु आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
