सरकंडी, फउत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा घोषित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणामों में फतेहपुर जिले के लोक भारती इंटर कॉलेज सरकंडी के छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जैसे ही बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित हुए, विद्यालय परिसर और छात्र-छात्राओं के घरों में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के प्रबंधक अर्चना त्रिपाठी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का मुंह मीठा कराकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उनका मनोबल बढ़ाया।
हाईस्कूल परीक्षा में मौहारी रायपुर भसरौल निवासी मनोज कुमार पुत्र मानू सिंह ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 88% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मनोज की इस सफलता से पूरे गांव में हर्ष का माहौल है। वहीं, विमल कुमार ने 86% अंक हासिल कर विद्यालय स्तर पर अपनी धाक जमाई। रायपुर भसरौल के ही रहने वाले दिनेश चंद्र पुत्र मनीष द्विवेदी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 84% अंकों के साथ श्रेष्ठता सूची में जगह बनाई है।
छात्राओं के प्रदर्शन की बात करें तो मिहिवापुर की निवासी पूजा देवी पुत्री मेवालाल निषाद ने 86% अंकों के साथ हाईस्कूल में टॉप किया है, जबकि शिवप्रसाद का डेरा निवासी कल्पना देवी पुत्री रमेश निषाद ने 80.6% अंक अर्जित कर विद्यालय में दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में भी विद्यालय का दबदबा कायम रहा। सुकुरू का डेरा निवासी पूजा देवी पुत्री नंद किशोर निषाद ने 84% अंकों के साथ इंटरमीडिएट में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी सफलता का परचम लहराया। इसके साथ ही बदलेवा निवासी क्रांति देवी पुत्री नोखेलाल ने 78% अंकों के साथ विद्यालय में दूसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की इस शानदार उपलब्धि पर प्रबंधक अर्चना त्रिपाठी ने कहा कि यह परिणाम बच्चों के कठिन परिश्रम और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का फल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की इन प्रतिभाओं ने सीमित संसाधनों में भी जो मुकाम हासिल किया है, वह प्रेरणादायक है। अभिभावकों ने भी विद्यालय के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बच्चों की इस सफलता पर जमकर जश्न मनाया।
Leave a comment


