फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के एकडला गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। इस घटना में किसान राजेश सिंह की करीब एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।जानकारी के अनुसार, राजेश सिंह के खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी सीधे नीचे खड़ी फसल पर गिर गई, जिससे देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे खेत में तेजी से फैल गई।आग लगने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना पर डायल 112 की टीम और पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक किसान की लगभग एक बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी। इस आगजनी से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों और किसानों में विद्युत विभाग के प्रति गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।
Leave a comment


