सरौली हनुमान मंदिर के पास ओवरलोड ट्रैक्टर पलटा, 10 दिनों में 4 से 5 घटनाएं
किशनपुर /फतेहपुर। क्षेत्र में ओवरस्पीड और लापरवाही से ओवरटेकिंग के कारण सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। गढ़ा रोड स्थित सरौली हनुमान मंदिर के पास म
बृहस्पति वार को एक ओवरलोड ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक समेत आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर तेज रफ्तार में मोड़ काट रहा था। इसी दौरान ओवरटेक करने की कोशिश में संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली सहित ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
ग्रामीणों का कहना है कि गढ़ा रोड पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार आम बात हो गई है। पिछले 10 दिनों के भीतर इसी मार्ग पर 4 से 5 छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमित चेकिंग अभियान चलाकर ओवरलोड और ओवरस्पीड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रमुख मोड़ों पर चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई है।
फिलहाल पलटा हुआ ट्रैक्टर सड़क किनारे पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


