सहारनपुर। शहरी विकास के विभिन्न आयामों का अध्ययन करने पणजी नगर निगम जा रहे पार्षदों के दल को आज नगरायुक्त संजय चौहान ने सहारनपुर द्वारा सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए किये जा रहे कार्याे एवं बनायी जा रही योजनाओं से अवगत कराया, ताकि पणजी नगर निगम के साथ उसे साझा किया जा सके। पार्षदों को स्मार्ट सिटी की कुछ विशेष परियोजनाओं की भी जानकारी दी गयी। उधर महापौर डॉ. अजय कुमार ने भी पार्षद दल के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए सहारनपुर निगम की सशक्त प्रस्तुती देने को कहा। निगम के महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार भी पार्षद अध्ययन दल में शामिल रहेंगे। महापौर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि पार्षदों का एक 28 सदस्यीय दल पणजी नगर निगम में शहरी विकास के विभिन्न आयामों का अध्ययन करने जा रहा है जो वहां जल निस्तारण, जल संरक्षण, जल निकासी, सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन व मनोरंजन आदि जटिल विषयों पर तीन दिन के दौरान विभिन्न सत्रों में चर्चा करेगा। जिससे कि वहां प्रयोग की जा रही तकनीक, ज्ञान एवं कार्याे का अनुभव लेकर शहर में विकास के विभिन्न आयामों में हिस्सेदारी कर सकें। नगरायुक्त ने बताया कि पणजी द्वारा सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट की खाद बनाने की तकनीक काफी पुरानी हो चुकी है, जबकि नगर निगम अत्याधुनिक तकनीक के साथ आगामी बीस वर्षों की योजना पर कार्य कर रहा है। अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने सीबीजी की प्रक्रिया के सम्बंध में विस्तार से जानकारी दी।