अधूरा रेलवे अंडरपास बना ग्रामीणों के लिए जानलेवा, दो साल से लटका निर्माण कार्य
बस्ती। जनपद बस्ती के गौर क्षेत्र अंतर्गत गडहा दलथम्मन गांव के पास करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास बीते दो वर्षों से अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य समय से पूरा न होने के कारण आसपास के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अंडरपास अधूरा होने से ग्रामीणों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। मजबूरी में लोग जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार ट्रेन की आवाज सुनते ही लोग ट्रैक पर फंस जाते हैं, जो बेहद खतरनाक स्थिति है।
ग्रामीणों ने बताया कि अंडरपास निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार से कई बार संपर्क किया गया, लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा है और काम अधूरा छोड़कर फरार हो गया है। अब तक न तो निर्माण कार्य पूरा कराया गया और न ही जिम्मेदारों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई हुई है।
इसी को लेकर ग्रामीणों नें मौके पर एकत्र हुए और रेलवे प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू कर पूरा नहीं कराया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान अखिलेश सिंह, अरुण कुमार सिंह, राजन सिंह, रणजीत सिंह, मुन्ना सिंह, यशकांत सिंह सहित सैकड़ों ग्रामवासी मौजूद रहे।


