बौंडर की लाखों की चोरी अनसुलझी, अब तीन गांवों में चोरों ने बोला धावा; पुलिस गश्त पर उठे सवाल
चोरी की वारदात का खुलासा न होने से पनप रहा भय व आक्रोश
असोथर फतेहपुर।
असोथर थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सितंबर में बौंडर वार्ड नंबर तीन स्थित एक घर से लाखों के जेवरात और नकदी चोरी हुई, लेकिन अब तक खुलासे की जानकारी सामने नहीं आई। इसके बाद नौ और 10 अक्टूबर की रात अंदीपुर, छोटी अंदीपुर और टीकर गांव में चोरों ने तीन स्थानों को निशाना बनाकर पुलिस को फिर चुनौती दे दी। इन घटनाओं में चोर करीब चार लाख रुपये के जेवरात, नकदी और बकरी ले गए। लगातार वारदातों के बावजूद चोरों तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
सितंबर की चोरी का भी नहीं मिला सुराग
नगर पंचायत असोथर के बौंडर वार्ड नंबर तीन में 18 और 19 सितंबर की रात चोरों ने मातादीन पुत्र स्व. वीरेंद्र के घर को निशाना बनाया था। चोर घर से चांदी की चार हाफ पेटी, चार जोड़ी पायल, सोने की तीन लॉकेट माला, तीन नथिया, दो अंगूठियां, दो जोड़ी झुमकी, चार जोड़ी तोड़िया, तीन बेसर, पांच जोड़ी बिछिया समेत अन्य आभूषण और करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। लाखों की इस चोरी का अब तक खुलासा न होने से पुलिस की जांच पर सवाल उठ रहे हैं।
तीन गांवों में एक रात में वारदात
नौ और 10 अक्टूबर की रात चोरों ने अंदीपुर गांव में सुरेश कुमार पुत्र देशराज के घर से करीब एक से डेढ़ किलो चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित ने इनकी कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई है। छोटी अंदीपुर में नीरज द्विवेदी के घर का पिछला दरवाजा तोड़कर करीब 10 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी चोरी कर ली गई। वहीं, टीकर गांव में विनीता देवी की करीब 10 हजार रुपये कीमत की बकरी चोर खोल ले गए।
गश्त और निगरानी पर उठे सवाल
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल है। लोगों का सवाल है कि जब एक ही क्षेत्र में बार-बार वारदातें हो रही हैं तो रात्रि गश्त और संदिग्धों की निगरानी कितनी प्रभावी है? ग्रामीणों ने चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
थाना प्रभारी राजीव मिश्रा के मुताबिक, हालिया चोरी की घटनाओं में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। हालांकि, बौंडर की पुरानी वारदात समेत सभी मामलों में चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हैं।
