फतेहपुर। जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर सोमवार को मिशन शक्ति अभियान (फेज-6.0) का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से महिला सशक्तीकरण के साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।जागरूकता रैली में क्षेत्राधिकारी नगर, मिशन शक्ति प्रभारी, महिला थाना प्रभारी समेत अन्य अधिकारी, पुलिसकर्मी तथा विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की शक्ति, सामर्थ्य और क्षमताओं को प्रदर्शित करते हुए सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
अधिकारियों ने आमजन से भी महिलाओं एवं बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर देने और उनके सशक्तीकरण में सहयोग करने की अपील की। इस दौरान पुलिस विभाग की ओर से संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं महिला सुरक्षा से जुड़ी सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।इसके अलावा प्रोबेशन कार्यालय के अंतर्गत संचालित वन स्टॉप सेंटर से मिलने वाली सहायता, शासन की महिला एवं बालिका कल्याणकारी योजनाओं, कानूनी अधिकारों तथा सुरक्षा और स्वावलंबन से संबंधित योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा संबंधी सेवाओं से अवगत कराने के साथ समाज में महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जनभागीदारी को मजबूत करना है।
Leave a comment
