फतेहपुर जिले की होनहार बेटी आयुषी पाण्डेय ने पीसीएस 2024 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर वाणिज्य कर अधिकारी (Commercial Tax Officer) पद पर चयनित होकर फतेहपुर का नाम रोशन कर दिया है। उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोगों में गर्व का माहौल है।
दक्षिणी गौतम नगर निवासी आयुषी पाण्डेय वर्तमान में गेल इंडिया लिमिटेड में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी स्नातक की शिक्षा मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) से प्राप्त की है। पढ़ाई के साथ-साथ कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
आयुषी पाण्डेय का परिवार भी शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। उनकी माता मंजूश्री पाण्डेय कम्पोजिट विद्यालय इमादपुर हसवा में प्राध्यापिका हैं। बड़े भाई शाश्वत पाण्डेय नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड में मण्डलीय प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि बड़ी बहन सुरम्या पाण्डेय सिविल अस्पताल लखनऊ में सर्जन के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
आयुषी की इस सफलता पर क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि उनकी यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और यह संदेश देगी कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
Leave a comment


