प्रेम प्रसंग के चलते युवती घर से लापता, युवक पर भगाने का आरोप
असोथर (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के झब्बापुर मजरे अन्दमऊ गांव से एक युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।
गांव निवासी कमला देवी (परिवर्तित नाम) ने थाना असोथर में दी गई तहरीर में बताया कि 7 मार्च 2026 की रात वह और उनकी बेटी पूजा (परिवर्तित नाम) रोज की तरह खाना खाकर अपने-अपने बिस्तर पर सो गए थे। सुबह करीब छह बजे जब उनकी नींद खुली तो बेटी बिस्तर पर नहीं थी। उन्होंने घर और शौचालय समेत आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
इसके बाद वह गांव के ही गुड्डू पुत्र राजेश के घर पहुंचीं तो पता चला कि गुड्डू भी घर से गायब है। इससे उन्हें पूरा विश्वास हो गया कि गुड्डू ही उनकी बेटी को भगा ले गया है। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था और पूजा उससे फोन पर बात करती थी।
थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती की तलाश की जा रही है। मामले की जांच उप निरीक्षक राधे मोहन श्रीवास्तव को सौंपी गई है।


