कस्बा क्षेत्र के मुराइन मोहल्ला में ट्रक चालकों और ग्रामीण के बीच मारपीट के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच के आधार पर कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार 21 फरवरी 2026 को मुराइन मोहल्ला, कस्बा असोथर में मोरम खदान के रास्ते में ट्रकों का आवागमन हो रहा था। इसी दौरान ग्रामीण धर्मराज पुत्र रामराज पासवान ने ट्रक चालकों से बस्ती के अंदर वाहन धीरे चलाने को कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हो गई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
थाना स्तर पर घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी, लेकिन वायरल वीडियो की जांच के आधार पर उपनिरीक्षक अंकुश यादव, चौकी प्रभारी जरौली ने कार्रवाई की। पुलिस ने ट्रक चालक कुलदीप विश्वकर्मा (24) पुत्र सूरजपाल निवासी कबीरपुर चितीसापुर थाना हुसेनगंज थाना जनपद फतेहपुर तथा सहायक चालक कुलदीप पटेल (25) पुत्र भोला सिंह पटेल निवासी हड़िया सलेमाबाद थाना हुसेनगंज जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ धारा 170, 126 व 135 बीएनएस के तहत कार्रवाई कर माननीय उप जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय फतेहपुर में पेश किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच कराई गई थी। साक्ष्यों के आधार पर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है। उन्होंने कहा कि बस्ती के अंदर तेज रफ्तार या अव्यवस्थित तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और शांति व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Leave a comment


