धान खरीद में तेजी लाने के निर्देश, मंडी परिसर में पल्ली बिछाकर जगह घेरने वालों पर होगी कार्रवाई
रिपोर्ट महेश चक्रवर्ती असोथर फतेहपुर
असोथर (फतेहपुर)। किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार शाम सदर उपजिलाधिकारी पिनाक पाणिक दुबे ने असोथर मंडी परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीद केंद्र प्रभारियों अखिलेश श्रीवास्तव और रवि गौतम को खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने तथा किसानों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में कई स्थानों पर किसानों की ओर से धान लाने से पहले ही पल्ली बिछाकर जगह घेरने का मामला सामने आया। इस पर मौजूद किसानों ने विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि कुछ व्यापारी भी किसानों की आड़ में मंडी परिसर में अपनी जगह सुरक्षित कर रहे हैं, जिससे वास्तविक किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश सिंह ने मंडी परिसर की अव्यवस्थाओं का वीडियो जिलाधिकारी को भेजकर शिकायत की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम को मौके पर भेजकर किसानों से बातचीत करने और मंडी की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने को कहा गया था।
एसडीएम पिनाक पाणिक दुबे ने किसानों को आश्वस्त किया कि जल्द ही मंडी परिसर में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में धान खरीद कराई जाएगी। दलालों को चिह्नित कर मंडी परिसर से बाहर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर खरीद को प्राथमिकता दी जा रही है। धान लेकर आने वाले किसानों को व्यवस्था के अनुसार टोकन जारी कर तौल कराई जाएगी।
इस मौके पर रवि देव सिंह, नरसिंह मौर्य, नवीन सिंह, दीपू मिश्रा, किसान यूनियन टिकैत गुट के ब्लॉक अध्यक्ष दीपू मिश्रा, सोनू गौतम, रजत मिश्रा, पिंटू तिवारी, विश्राम सिंह और प्रमोद कचेर सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
