सैनी (कौशाम्बी)। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा के उद्देश्य से यातायात माह नवंबर 2026 के अंतर्गत बुधवार को कोतवाली सैनी में ‘आपणो माथो-आपणी सुरक्षा’ अभियान के तहत जिलाधिकारी कौशाम्बी डॉ. अमित पाल, NHAI कानपुर के परियोजना निदेशक पंकज यादव एवं पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण प्रजापत के निर्देशानुसार कोतवाली प्रभारी बीपी सिंह चौहान की उपस्थिति में प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज, अतुल यादव एवं अविनाश द्विवेदी के मार्गदर्शन में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।राजस्थान सरकार से राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त सीएसआर मैनेजर फिरोज खान ने कहा कि आज हम वाहनों पर काफी निर्भर हैं, लेकिन यातायात नियमों के पालन में लापरवाही बरतते हैं। सड़क दुर्घटनाओं में प्रतिवर्ष हजारों परिवार अपने प्रियजनों को खो देते हैं। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। हेलमेट के लिए सख्त नियमों के साथ जनजागरूकता भी जरूरी है।
कोतवाली प्रभारी बीपी सिंह चौहान ने कहा कि सड़क सुरक्षा को राष्ट्रधर्म मानकर सभी को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। गलत दिशा में वाहन चलाना मौत को निमंत्रण देने जैसा है। उन्होंने लोगों से तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी से बचने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए। इस मौके पर हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार, सीसी टीम प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील शुक्ला, कांस्टेबल अंकित, हर्षित, प्रीतम सिंह एवं रूट पेट्रोलिंग इंचार्ज शिवम सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे
Leave a comment
