उमेश तिवारी संविधान रक्षक जिला संवाददाता बाराबंकी
शोभायात्रा मार्गों की मरम्मत, विसर्जन स्थलों पर नाव एवं पीए सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
बाराबंकी, 16 अक्टूबर। दुर्गा पूजा, दशहरा एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रमों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त अयोध्या मंडल राजेश कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन बर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी एवं मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जनपद में आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा पंडालों, दशहरा कार्यक्रमों, शोभायात्रा मार्गों एवं प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने शोभायात्रा मार्गों एवं विसर्जन स्थलों की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के दिए निर्देश
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा के अंतर्गत निकलने वाली शोभायात्राओं के मार्गों पर जहां सड़क मरम्मत का कार्य शेष है, उसे तत्काल पूर्ण कराया जाए। आसपास के जनपदों से आने वाली दुर्गा प्रतिमाओं के संबंध में संबंधित जनपदों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्रतिमा विसर्जन घाटों को विकास विभाग के माध्यम से सुव्यवस्थित कराया जाए साथ ही पर्याप्त प्रकाश सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही कराया जाए, जिससे सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जा सकें।
मंडलायुक्त ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराएं। सभी सम्बन्धित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण करें तथा पाई जाने वाली कमियों को समय रहते दूर कराएं। आयोजन स्थलों पर अग्निशमन एवं विद्युत सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा चिकित्सा सुविधाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग एवं अन्य सुरक्षा प्रबंधों के साथ आपातकालीन बचाव संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।
डीआईजी ने विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा एवं संचार व्यवस्था सुदृढ़ रखने के दिए निर्देश
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर आवश्यकतानुसार नावों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा एवं निगरानी के लिए शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाए। सभी विसर्जन स्थलों पर पीए सिस्टम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, जिससे आवश्यक सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों का समय से प्रसारण किया जा सके। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने तथा आयोजकों एवं शांति समितियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों, दशहरा स्थलों एवं विसर्जन मार्गों पर भीड़ के दबाव का आकलन कर प्रभावी सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास के पृथक मार्ग तथा यातायात डायवर्जन की व्यवस्था की जाए। असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को सतर्क रखा जाए।
जिलाधिकारी ने तैयारियों का बिंदुवार विवरण प्रस्तुत किया
जिलाधिकारी ने जनपद में दुर्गा पूजा, दशहरा एवं प्रतिमा विसर्जन को लेकर की जा रही तैयारियों का बिंदुवार विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने पूजा पंडालों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, विद्युत सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
एसपी ने पुलिस सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की दी जानकारी
पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने जनपद में दुर्गा पूजा, दशहरा एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जा रही पुलिस तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रमुख आयोजन स्थलों, संवेदनशील स्थानों एवं विसर्जन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त तथा निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी एवं दक्षिणी, समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत तथा विद्युत, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
