फतेहपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज–6.0 के अंतर्गत शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षा गृह में स्कूली छात्राओं के लिए कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और कैरियर के विभिन्न अवसरों की जानकारी देते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत उपलब्ध निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन एवं कोचिंग की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना के माध्यम से यूपीएससी, यूपीपीएससी, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग सहित विभिन्न भर्ती बोर्डों की परीक्षाओं के अलावा जेईई मेन, नीट, एनडीए, सीडीएस, बैंकिंग, एसएससी, बीएड और टीईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है।छात्राओं को योजना की पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया, पाठ्यक्रम तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति से भी अवगत कराया गया। अधिकारियों ने छात्राओं से योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई करने, लक्ष्य निर्धारित करने और निरंतर मेहनत के बल पर सफलता हासिल करने का आह्वान किया।नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन’ के संदेश के साथ छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा शिक्षा और कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।इस दौरान छात्राओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए डायल-112, महिला सहायता के लिए वूमेन पावर लाइन-1090 तथा साइबर अपराध से संबंधित सहायता के लिए 1930 के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, असुरक्षा या आपात स्थिति में छात्राएं बिना झिझक संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क कर पुलिस सहायता प्राप्त करें।
